Bokaro : उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने सोमवार को जरीडीह प्रखंड के बंधडीह नॉर्थ ग्राम पंचायत स्थित राजवाड़ीडीह टोला में तालाब के समीप संचालित एसवीएस ग्रुप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समूह की कार्यक्षमता और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


हर घर नल से जल की व्यवस्था की जानकारी
निरीक्षण के दौरान एसवीएस ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि गांव के प्रत्येक घर में टैप वाटर कनेक्शन उपलब्ध है। डीडीसी ने घर-घर पेयजल आपूर्ति की स्थिति और योजना के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
पानी की गुणवत्ता की हुई जांच
समूह के सदस्यों ने बताया कि पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पानी की टेस्टिंग कराई गई है। जांच में पानी गुणवत्तापूर्ण एवं पीने योग्य पाया गया। डीडीसी ने जलापूर्ति व्यवस्था को नियमित रूप से संचालित रखने पर जोर दिया।

नियमित निगरानी और सुधार के निर्देश
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को हर घर तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति योजना के सतत संचालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की कार्यक्षमता का नियमित आकलन कर आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी चास श्री अनुज कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जल सहिया सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
