Bokaro: सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने सभी अंचलाधिकारियों के साथ बैठक कर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईड्ब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी संकल्प एवं निर्देशों के अनुरूप सभी योग्य आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र निर्गत किया जाए।

बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड, रांची के पत्रांक 3980 दिनांक 22.05.2019 एवं संकल्प संख्या 1433 दिनांक 15.02.19 द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में प्राप्त सभी आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस एवं वैध कारण के किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाए।
लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि सभी अंचलाधिकारी विशेष अभियान चलाकर लंबित ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें, ताकि पात्र आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर बल दिया।


