Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की 26 क्वालिटी सर्किल टीमों ने गुणवत्ता और सतत सुधार के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (QCFI) की ओर से 25 और 26 सितंबर को आयोजित क्वालिटी सर्किल चैप्टर कन्वेंशन (CCQC’26) में बीएसएल टीमों ने कुल 24 पार-एक्सीलेंस और 2 एक्सीलेंस पुरस्कार हासिल किए।

तकनीकी दक्षता का किया प्रदर्शन
कन्वेंशन में विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया। बीएसएल की टीमों ने केस स्टडी और प्रोजेक्ट प्रस्तुतियों में तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान क्षमता तथा निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
24 टीमों ने जीते पार-एक्सीलेंस अवॉर्ड
केस स्टडी एवं प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन में बीएसएल की 24 टीमों ने पार-एक्सीलेंस पुरस्कार प्राप्त किए। इनमें अचिंत्य, प्रगति, विकास, कल्पतरु, विक्रम साराभाई, परख, ट्रूपर्स, छिन्नमस्ता, विक्रांत, जिज्ञासा, चिराग, अंतर्ध्वनि, डायनामिक ड्रैगन, मानसरोवर, प्रयास, प्रतिज्ञा, सागर, खोज, अपराजिता, सतर्क, विजन और प्रज्ञान समेत अन्य टीमें शामिल रहीं। हिमालय और सक्षम टीम ने एक्सीलेंस अवॉर्ड हासिल किया।

मॉडल प्रतियोगिता में भी बढ़ाया गौरव
मॉडल प्रतियोगिता में विक्रम साराभाई टीम ने प्रथम और डायनामिक ड्रैगन ने तृतीय स्थान हासिल किया। नॉलेज टेस्ट में हिमालय प्रथम और प्रतिज्ञा तृतीय रही। कई टीमों को सांत्वना पुरस्कार भी मिले।
गुणवत्ता संस्कृति को मिली मजबूती
बीएसएल प्रबंधन ने विजेता टीमों को बधाई दी। यह उपलब्धि संयंत्र में गुणवत्ता संस्कृति, टीमवर्क, नवाचार और सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
