Bokaro: चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खमारबेंदी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय रघु रजवार और उनके 7 वर्षीय पुत्र शिबू रजवार के रूप में हुई है।

नहाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रघु रजवार अपने पुत्र शिबू के साथ गांव के तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे खमारबेंदी गांव में मातम छा गया और माहौल गमगीन हो गया।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलने पर चंदनकियारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन रजवार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बुधवार को होगा पोस्टमार्टम
चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश कुमार मंडल ने बताया कि दोनों शवों को सुरक्षित रूप से बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
