Bokaro: चास में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चास थाना से महज करीब 500 मीटर दूर महावीर चौक स्थित एक मकान और मेडिकल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। घटना 15 अगस्त की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।

खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोर मकान की दक्षिण दिशा की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। चोरों ने घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की अंगूठियां, हार, चेन, चूड़ियां, लॉकेट, कान की बालियां और मांगटीका समेत चांदी के आभूषण व मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
25 से 30 लाख रुपये के सामान की चोरी
परिजनों के अनुसार, चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य भी जुटाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


