Bokaro: बालीडीह थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण के प्रयास का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। हालांकि, बोकारो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 12 घंटों के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया है।

क्या है मामला –
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे पीड़िता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर बालीडीह थाना में केस दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 70(2)/62 और पोक्सो एक्ट की सुसंगत धाराएं लगाई गई हैं।
छापेमारी और गिरफ्तारी –
आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रात में ही ग्राम चैनपुर निवासी कृष्णा कपरदार (32 वर्ष) और गुड़गुड़ी निवासी अमित कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

साक्ष्य बरामद –
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटनास्थल पर उपयोग की गई मोटरसाइकिल (JH05AW-2310) और दो स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

