Bokaro: साइबर ठगी के पीड़ितों के लिए बोकारो पुलिस ने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से जुड़े SOP को अब सख्ती से लागू कर दिया है।अब 2 लाख रुपये से कम की साइबर ठगी के मामले संबंधित स्थानीय थाना में दर्ज किए जाएंगे, जबकि 2 लाख रुपये से अधिक की राशि से जुड़े मामलों की प्राथमिकी साइबर थाना में दर्ज होगी।
एसपी ने कहा –
पुलिस का मानना है कि इससे शिकायतों के पंजीकरण और जांच की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को नए SOP का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इससे साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें बिना देरी के संबंधित पुलिस इकाई तक पहुंचेंगी और कार्रवाई में तेजी आएगी।

OTP और बैंक डिटेल साझा नहीं करने की अपील
एसपी ने बीट अधिकारियों को साइबर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। लोगों को बैंक अकाउंट की जानकारी, ATM और क्रेडिट कार्ड डिटेल, नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल और OTP किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस का संदेश साफ है, साइबर ठगी के बाद देरी नहीं, सही थाने में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

लंबित मामलों में चार्जशीट पर जोर
साथ ही पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों की जांच जल्द पूरी करने और निर्धारित 60 या 90 दिनों की अवधि के भीतर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने और जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर अपने-अपने बीट क्षेत्र में नजर रखने को भी कहा गया है।
पेट्रोलिंग और QR कोड से निगरानी
पुलिस ने नियमित गश्ती बढ़ाने, QR कोड आधारित निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा अदालत से जारी वारंट और नोटिस का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अवैध गांजा, अफीम, शराब और पशु तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
