Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने सेफ्टी प्रोटोकॉल के पालन को लेकर एक बार फिर अपनी सख्त नीति का संकेत दिया है। ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही बरतने के आरोप में सिंटरिंग प्लांट के एक डिप्टी मैनेजर को मंगलवार को सस्पेंड कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मामले की जानकारी उच्च प्रबंधन तक पहुंचते ही तत्काल प्रभाव से की गई।

डायरेक्टर-इंचार्ज के संज्ञान में आते ही हुआ एक्शन
बीएसएल सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को मामला डायरेक्टर-इंचार्ज और ईडी (वर्क्स) के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद सिंटरिंग प्लांट के चीफ जनरल मैनेजर पीताम्बर चौधरी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल सस्पेंशन लेटर जारी कर दिया। प्रबंधन की त्वरित कार्रवाई से पूरे प्लांट में अधिकारी और कर्मी सहमे हुए है।

रिपेयर कार्य के दौरान मशीन चालू करने का आरोप
बताया जा रहा है कि, सिंटरिंग प्लांट में मेंटेनेंस कार्य के लिए शटडाउन घोषित था और विभिन्न मशीनों की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि संबंधित डिप्टी मैनेजर ने आवश्यक क्लियरेंस और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किए बिना एक मशीन चालू कर दी। इसे गंभीर प्रोटोकॉल उल्लंघन माना जा रहा है।
टला बड़ा हादसा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सूत्रों का कहना है कि जिस समय मशीन चालू की गई, उस समय संबंधित स्थान पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। यदि वहां मरम्मत कार्य में लगे कर्मचारी मौजूद होते, तो बड़ा औद्योगिक हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले की समीक्षा की और इसे सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन के रूप में लिया।
बीएसएल में सख्ती का संदेश
इस कार्रवाई के बाद बीएसएल के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। प्रबंधन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सेफ्टी प्रोटोकॉल से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूत्रों का मानना है कि भविष्य में भी सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

