बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट में ठेका मजदूरों की लगातार हो रही छंटनी के विरोध में जय झारखंड मजदूर समाज के बैनर तले मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। कोक ओवन बैटरी नंबर-3 से मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय तक जुलूस निकाला गया। इसके बाद आयोजित सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य सह जय झारखंड मजदूर समाज के महामंत्री बीके चौधरी ने कहा कि रुपये बचाने के नाम पर मजदूरों की छंटनी करना अमानवीय है।

90 प्रतिशत उत्पादन में स्थानीय मजदूरों की अहम भूमिका
बीके चौधरी ने कहा कि स्थानीय मूल निवासी मजदूर अपने खून-पसीने से प्लांट के उत्पादन और मुनाफे में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद लगातार छंटनी से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनावश्यक टेंडरों पर रोक लगाने के बजाय प्रबंधन जरूरी कार्यों में लगे ठेका मजदूरों की संख्या घटाकर कॉस्ट कंट्रोल कर रहा है।

11 सूत्री मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग
उन्होंने मजदूरों के आर्थिक और मानसिक शोषण, मनीकट, ईएल बोनस में अनियमितता तथा विरोध करने पर गेट पास रोकने का मुद्दा उठाया। साथ ही छंटनी पर रोक, कम मैनपावर पर बढ़ते कार्यभार से हो रही दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और मेडिकल जांच में देरी समाप्त करने सहित 11 सूत्री मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

मांगें नहीं मानीं तो प्लांट जाम करने की चेतावनी
चौधरी ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो मजदूर प्लांट का चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने केंद्र सरकार और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सभा की अध्यक्षता सीकेएस मुंडा ने की, जबकि संचालन संयुक्त महामंत्री अनिल कुमार ने किया। मौके पर एनके सिंह, रौशन कुमार, आरबी सिंह सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।
