Bokaro: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बोकारो जिले के 46 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित कर पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने का अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहने देना है।

नाम जोड़ने से लेकर सुधार तक मिलेगी सहायता
विशेष कैंप के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, सुनवाई की प्रक्रिया में सहायता प्राप्त करने और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार कराने की सुविधा मिल रही है। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी इस कार्य में नागरिकों का सहयोग कर रहे हैं।
बीएलओ और अधिकारियों से कर सकते हैं संपर्क
जिला प्रशासन की ओर से इस अभियान के लिए 46 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), पांच सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और तीन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) उपलब्ध हैं। नागरिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECI Net के ‘बुक अ कॉल विथ बीएलओ’ फीचर के जरिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है।

डीसी की अपील, अभियान का उठाएं लाभ
डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या किसी प्रकार का सुधार कराने में परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
