Bokaro: विस्थापितों के आंदोलन के बीच बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के गेट संख्या 9 और 10 पर अवरोध किए जाने के बाद प्रबंधन ने एक बार फिर आंदोलनकारियों से रास्ता छोड़कर संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा है कि इन दोनों गेटों से संयंत्र के लिए जरूरी सामग्रियों की आपूर्ति और तैयार इस्पात की डिस्पैच गतिविधियां संचालित होती हैं। लंबे समय तक आवागमन बाधित रहने से उत्पादन और डिस्पैच पर गंभीर असर पड़ सकता है।


अन्य गेटों को बाधित करने पर भी जताई चिंता
BSL प्रबंधन ने संयंत्र के अन्य प्रवेश द्वारों को बाधित करने के प्रयासों को भी अनुचित बताया है। प्रबंधन के अनुसार, इससे संयंत्र का सामान्य परिचालन प्रभावित होने के साथ राष्ट्रीय संपत्ति और औद्योगिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
प्रबंधन ने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक संपत्ति है, जो दशकों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देता आ रहा है। इस संयंत्र से हजारों परिवारों की आजीविका और पूरे क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि जुड़ी हुई है। ऐसे में, संयंत्र को होने वाला कोई भी नुकसान देश और समाज की साझा क्षति होगी।

अप्रेंटिसों के नियोजन का प्रयास तेज करने का दावा
विस्थापित अप्रेंटिसों के नियोजन के मुद्दे पर प्रबंधन ने कहा कि वह संविदा के आधार पर अप्रेंटिसों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासों को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे से जुड़े सभी मामलों का समाधान सकारात्मक और रचनात्मक बातचीत के जरिए निकालने के लिए वह तैयार है।
आंदोलनकारियों से वार्ता की अपील
BSL प्रबंधन ने विस्थापित समूहों से औद्योगिक शांति बनाए रखने और संयंत्र का परिचालन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए अवरोध समाप्त करने की अपील की है। प्रबंधन के अनुसार, संबंधित पक्षों के साथ बातचीत के लिए वह हमेशा तैयार है और आपसी सहमति से ही सभी मुद्दों का स्थायी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।
