Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) एक बार फिर शहरवासियों के लिए मनोरंजन, मस्ती और फिटनेस का धमाकेदार आयोजन करने जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में बोकारोवासियों के बीच खास पहचान बना चुकी ‘हैप्पी स्ट्रीट’ का इस बार का संस्करण पहले से अधिक आकर्षक और जीवंत बनाने की तैयारी है। बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन भी इस आयोजन को लेकर विशेष रुचि ले रहे हैं।
13 दिसंबर से होगी शुरुआत
इस बार हैप्पी स्ट्रीट की शुरुआत 13 दिसंबर 2026 को होगी। इसके बाद 20 और 27 दिसंबर को भी आयोजन किया जाएगा। रविवार की सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक शहरवासी विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। बीएसएल प्रबंधन का उद्देश्य सर्दियों के पूरे मौसम में शहरवासियों को एक खुशनुमा माहौल और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर देना है।

जनवरी में फूड स्ट्रीट और मैराथन
हैप्पी स्ट्रीट के बाद जनवरी में भी मनोरंजन और खानपान का सिलसिला जारी रहेगा। 3 और 10 जनवरी 2027 को फूड स्ट्रीट का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 31 जनवरी को मैराथन आयोजित करने की योजना है। इस तरह दिसंबर से जनवरी तक बोकारोवासियों के लिए लगातार कई सार्वजनिक आयोजन होंगे।
34 स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
आयोजन को सफल बनाने के लिए चीफ जनरल मैनेजर (TA) इंचार्ज कुंदन कुमार और सीजीएम टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन राकेश रॉय की अध्यक्षता में टीए बिल्डिंग में बैठक हुई। इसमें बोकारो संगीत कला अकादमी सहित 34 स्कूलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने सभी संस्थानों से इस बार के आयोजन को यादगार बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
आयोजन की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं और संसाधनों पर भी चर्चा हुई। इसमें रिफ्रेशमेंट पैकेट, 20 फीट के स्टॉल, 5×15 फीट के इलेक्ट्रिकल सेटअप, SAIL के निर्धारित डिजाइन वाले रंगीन बैनर और अधिकतम 500 वॉट के साउंड सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं पर विचार किया गया। बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने बताया कि हैप्पी स्ट्रीट सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की प्रस्तावित तारीखों को प्रबंधन की मंजूरी के लिए भेजा गया है।
