Bokaro: झारखंड जोन-के के तहत संचालित DAV पब्लिक स्कूलों में शिक्षक, गैर-शिक्षण और मिनिस्ट्रियल पदों पर भर्ती के लिए DAV Recruitment Test (DAV-CBT) जनवरी 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 17 सितंबर 2026 सुबह 8 बजे से 8 अक्टूबर 2026 रात 8 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया के तहत नर्सरी/प्री-प्राइमरी शिक्षक (केवल महिला अभ्यर्थी), वेलनेस टीचर एवं काउंसलर, PRT, TGT, PGT तथा विभिन्न मिनिस्ट्रियल पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
PRT के लिए अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, पेंटिंग/आर्ट एंड क्राफ्ट, संगीत/नृत्य, शारीरिक शिक्षा और लाइब्रेरी साइंस विषय शामिल हैं। TGT के लिए अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर और शारीरिक शिक्षा विषयों में आवेदन किया जा सकता है।

PGT पदों के लिए अंग्रेजी, हिंदी, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, कंप्यूटर साइंस और शारीरिक शिक्षा विषयों में भर्ती होगी।
मिनिस्ट्रियल पदों में LDC (एडमिन/अकाउंट्स), UDC, फ्रंट ऑफिस असिस्टेंट/रिसेप्शनिस्ट, लैब असिस्टेंट, लाइब्रेरियन, लाइब्रेरी असिस्टेंट और नर्स के पद शामिल हैं।
एक अभ्यर्थी केवल एक पद के लिए कर सकेगा आवेदन
अभ्यर्थी अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से केवल एक पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। केंद्रीय ऑनलाइन CBT रजिस्ट्रेशन के लिए DAV Recruitment की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया तीन चरणों में
पहले चरण में पात्र अभ्यर्थियों को 8 अक्टूबर तक ऑनलाइन CBT फॉर्म भरकर ‘Submit for Verification’ करना होगा। यह आंशिक सबमिशन होगा और प्रमाणपत्रों के सत्यापन के अधीन रहेगा।
दूसरे चरण में आवेदन फॉर्म का प्रिंट निकालकर 25 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच किसी नजदीकी DAV स्कूल में आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ सत्यापन कराना होगा। अंतिम सबमिशन और परीक्षा शुल्क भुगतान पोर्टल सक्रिय कराने के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य है।
तीसरे चरण में सत्यापन के बाद अंतिम स्वीकृति और सबमिशन होने पर सात दिनों के भीतर ऑनलाइन CBT परीक्षा शुल्क जमा करना होगा।
दिसंबर में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
DAV-CBT के दिसंबर 2026 में विभिन्न DAV स्कूलों में आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड, परीक्षा और परिणाम से संबंधित अपडेट DAV Recruitment वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
CBT पास करने वालों को मिलेगा PEC
DAV-CBT में सफल अभ्यर्थियों को Provisional Eligibility Card (PEC) जारी किया जाएगा। PEC प्राप्त अभ्यर्थी देश के किसी भी DAV स्कूल में डेमो और इंटरव्यू के अंतिम चरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। संबंधित स्कूलों में डेमो-इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
बोकारो के छह DAV स्कूल भर्ती प्रक्रिया में शामिल
झारखंड जोन-के की भर्ती प्रक्रिया में बोकारो के DAV पब्लिक स्कूल सेक्टर-IV, DAV पब्लिक स्कूल सेक्टर-VI, DAV Ispat Public School सेक्टर-2C, सेक्टर-8B, सेक्टर-9E और सेक्टर-12E शामिल हैं।
पात्रता और आयु सीमा DAV CMC, राज्य सरकार और CBSE के लागू नियमों के अनुसार होगी।
आवेदन और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी DAV Recruitment की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
