बोकारो: शहर में चेन झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस की नाकामी के बीच अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पांच नवंबर को दो महिलाओं से चेन झपटमारी की घटनाओं के आरोपितों की गिरफ्तारी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार सुबह अपराधियों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। इस बार बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक कर रहे सीआइएसएफ के सहायक कमांडेंट को निशाना बनाया।

सिटी पार्क के पास वारदात
सिटी थाना क्षेत्र में राम मंदिर से आगे सिटी पार्क के पास शुक्रवार सुबह करीब मॉर्निंग वॉक कर रहे सीआइएसएफ के सहायक कमांडेंट (जेएओ) हेरमन खेस्स (57) से एक अपराधी ने सोने की चेन झपट ली। सहायक कमांडेंट ने जब इसका विरोध किया तो अपराधी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने हाथ की मध्यमा और अनामिका अंगुली में चोट आई है।

डायल 112 पर दी सूचना
सहायक कमांडेंट सेक्टर तीन ई स्थित आवास संख्या 585 में रहते हैं। घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) ले गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस पीड़ित अधिकारी से अपराधी का हुलिया जानने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके आधार पर स्केच तैयार कराया जा सके।
सुबह की सैर पर निकले लोगों में दहशत
शहर के व्यस्त इलाके में सुबह-सुबह हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिटी पार्क और राम मंदिर के आसपास सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद अपराधी ने खुलेआम चेन झपटने के बाद विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। लगातार हो रही चेन झपटमारी की घटनाओं से सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
