Bokaro: झारखंड और विशेष रूप से संथाल समुदाय के लिए गर्व की बात है कि बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड के संथाल लाघला गांव की प्रतिभाशाली लोक कलाकार बबीता हेम्ब्रम का चयन प्रतिष्ठित बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान उन्हें संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा संथाली लोकनृत्य और लोकसंगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
संथाली संस्कृति को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका
बबीता हेम्ब्रम लंबे समय से संथाली लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक नृत्य के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। अपनी प्रतिभा, समर्पण और निरंतर साधना के बल पर उन्होंने न केवल झारखंड बल्कि पूरे आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके चयन से क्षेत्र के कलाकारों और सांस्कृतिक जगत में खुशी की लहर है।

चंदनकियारी को मिला दूसरा राष्ट्रीय सम्मान
बबीता हेम्ब्रम की यह उपलब्धि चंदनकियारी के लिए भी विशेष महत्व रखती है। यह क्षेत्र का दूसरा राष्ट्रीय स्तर का सम्मान है। इससे पहले चंदनकियारी के खेदाबेड़ा गांव के प्रसिद्ध छऊ कलाकार परीक्षित महतो को भी संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करती है।

डॉ. संजय की अनुशंसा पर हुआ चयन
छऊ केंद्र, चंदनकियारी के समन्वयक डॉ. संजय ने बबीता हेम्ब्रम की कला प्रतिभा और सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए उनके नाम की अनुशंसा की थी। चयन की घोषणा के बाद उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंड, विशेषकर संथाल समाज के लिए गौरव का क्षण है।
बधाइयों का लगा तांता
बबीता हेम्ब्रम के चयन की खबर सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों, सांस्कृतिक संस्थाओं, कलाकारों और क्षेत्र के आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का मानना है कि यह सम्मान न केवल संथाली लोककला को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाएगा, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरित करेगा।
