Bokaro: चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के पास वृद्ध व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 3.50 लाख रुपये उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बोकारो पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए बिहार के कटिहार जिले से दो आरोपियों को चिन्हित कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के घर से लूटी गई पूरी रकम 3 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर ली है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

7 जुलाई को दिनदहाड़े हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के समीप बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध व्यक्ति की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ दी थी। अपराधी डिक्की में रखे 3.50 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए थे। घटना को लेकर पीड़ित की शिकायत पर चास थाना में कांड संख्या 86/26 दिनांक 07.07.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक चास वेदांत शंकर के निर्देशन और चास थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल और अपराधियों के भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंची।
कटिहार में छापेमारी, घर से बरामद हुई पूरी रकम
पुलिस टीम ने बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 जुलाई को छापेमारी की। इस दौरान मामले के अप्राथमिकी अभियुक्तों के ठिकानों पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान आरोपी राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला के ससुराल स्थित घर से चास लूट कांड में चोरी की गई पूरी राशि 3.50 लाख रुपये बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार ये दो आरोपी घटना में शामिल हैं –
निरो उर्फ निरेन्द्र बनजारा, पिता राजेन्द्र बनजारा, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)। राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला, पिता कमल ग्वाला, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)। आरोपी का स्थायी पता फटापुकुर, थाना राजगंज, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल बताया गया है। पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP ) चास वेदांत शंकर, चास थाना के प्रभारी निरीक्षक सह थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश दयाल सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार और आरक्षी महेंद्र मोदी शामिल रहे।

