कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने करगली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। ड्रोन सर्विलांस और प्रशिक्षित श्वान दस्ते की मदद से CISF की टीम ने खाममहल और कोनार साइडिंग के समीप एक साथ छापेमारी कर 12 मोटरसाइकिलों सहित कुल 5.385 टन अवैध कोयला जब्त किया।
गुप्त सूचना पर कमांडेंट के निर्देश से हुई कार्रवाई
CISF CCIL करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि गांधीनगर ओपी और बीटीपीएस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खाममहल एवं कोनार साइडिंग के आसपास मोटरसाइकिलों से अवैध रूप से कोयले का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद उनके निर्देश पर विशेष टीम गठित कर दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जब्त कोयले और मोटरसाइकिलों के मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ड्रोन और श्वान दस्ते ने निभाई अहम भूमिका
अभियान के दौरान ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की गई। इससे संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा कोयले की जानकारी जुटाने में मदद मिली। वहीं, प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली। आधुनिक तकनीक और जवानों की त्वरित कार्रवाई से अभियान को सफल बनाया गया।
CISF के अधिकारी और जवान रहे शामिल
छापेमारी अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट डीके पांडेय, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब-इंस्पेक्टर राहुल, धर्मेंद्र प्रसाद और CISF QRT के जवानों सहित अन्य बल सदस्य शामिल रहे।
कोयला चोरी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। गुप्त सूचना तंत्र, ड्रोन निगरानी और त्वरित कार्रवाई के जरिए अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
