Bokaro: सीसीएल के रजरप्पा क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में चार कोयला लदे ट्रकों को जब्त किया गया। इन वाहनों से करीब 174.90 टन कोयला बरामद हुआ।

गुप्त सूचना पर CISF ने लगाया एम्बुश
CISF को सूचना मिली थी कि असामाजिक तत्व रजरप्पा परियोजना से ट्रकों के माध्यम से अवैध रूप से कोयले का परिवहन कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद CISF ने छापामारी-सह-एरिया डोमिनेशन टीम गठित की। टीम CCL सुरक्षा गार्डों के साथ रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर बरलोंग के समीप पहुंची और एम्बुश लगाया।
चार कोयला लदे ट्रकों की जांच
रात करीब 11 बजे मार्ग से गुजर रहे चार कोयला लदे ट्रकों को रोककर चालकों से कोयले से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। जांच में कोयला रजरप्पा क्षेत्र की CCL परियोजना का पाया गया, लेकिन चालक इसके परिवहन से जुड़े कोई संतोषजनक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

174.90 टन कोयले के साथ वाहन जब्त
इसके बाद CISF जवानों ने चारों ट्रकों और उनमें लदे करीब 174.90 टन कोयले को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को रजरप्पा के जीएम कार्यालय के समीप लाकर CCL प्रबंधन को सौंप दिया गया।
MMDR Act के तहत कानूनी कार्रवाई जारी
जब्त कोयले और वाहनों के संबंध में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 यानी MMDR Act के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
