Bokaro: सीसीएल करगली क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। कारों बस्ती से मेन रोड पर लगाए गए एम्बुश के दौरान सीआईएसएफ टीम ने करीब 5 टन अवैध कोयला लदी एक पिकअप वैन जब्त की।

पीछा करने पर वाहन छोड़कर भागा चालक
खुफिया सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने कारों बस्ती से मेन रोड पर एम्बुश लगाया था। इसी दौरान कोयला लदी पिकअप वैन को आते देख जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और वाशरी की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगा।

चेक पोस्ट के पास वाहन छोड़कर फरार
सीआईएसएफ जवानों ने वाहन का पीछा किया। वाशरी के चेक पोस्ट-02 के पास चालक पिकअप वैन संख्या JH 02 AN 6712 को छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन में करीब 5.000 टन कोयला लदा मिला।

वाहन और कोयला जब्त, कानूनी कार्रवाई शुरू
सीआईएसएफ ने पिकअप वैन और उसमें लदे कोयले को जब्त कर लिया। वाहन मालिक की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
करगली क्षेत्र में 13वीं बड़ी कार्रवाई
सीआईएसएफ के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा MMDR Act के तहत मिले नए अधिकारों के बाद करगली क्षेत्र में यह 13वीं बड़ी कार्रवाई है। इन अधिकारों के तहत सीआईएसएफ अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर सकती है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अवैध कोयला परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। कार्रवाई में सहायक कमांडेंट गारा अभिलाष, इंस्पेक्टर वर्दे सार्थक बाबाजी, सब-इंस्पेक्टर रवि रंजन समेत सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम और आसूचनाकर्मियों की भूमिका रही।
