Bokaro: बेरमो थाना क्षेत्र के अमलो रेलवे साइडिंग के पास अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा गार्ड ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई में विभिन्न स्थानों से कुल 28.100 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।
सूचना के बाद चलाया गया अभियान
सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को नंबर-05 पीपल धोरा बस्ती में अवैध रूप से कोयला जमा किए जाने की सूचना मिली थी। सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच से पुष्टि के बाद इसकी जानकारी जीएम राजीव कुमार सिंह को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।

तीन जगहों से बरामद हुआ कोयला
टीम ने नंबर-05 पीपल धोरा बस्ती से 25.390 टन कच्चा कोयला जब्त किया। इसके अलावा न्यू कल्याणी वेट ब्रिज के पीछे से 1.230 टन और अमलो चेक पोस्ट के पास हनुमान मंदिर के पीछे से 1.480 टन कोयला बरामद हुआ।

सीसीएल प्रबंधन को सौंपा गया कोयला
जब्त कुल 28.100 टन कोयला सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। अभियान में सीआईएसएफ, सीसीएल सुरक्षा गार्ड, क्यूआरटी टीम और एरिया सिक्योरिटी से जुड़े अधिकारी व जवान शामिल रहे।
कोयला चोरी पर जारी रहेगी कार्रवाई
सीआईएसएफ कमांडेंट ने कहा कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सीआईएसएफ की तैनाती से बाहर चोरी की सूचना मिलने पर सीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
