Bokaro: कोयला चोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल करगली की ओर से लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईएसएफ, झारखंड पुलिस और सीसीएल सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने खासमहल क्षेत्र के बीएंडके कोनार रेलवे साइडिंग एवं प्रदीप होटल के आसपास मध्यरात्रि तक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया।


डॉग स्क्वॉड के साथ की गई सघन निगरानी
सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने सीसीएल के महाप्रबंधक संजय झा को अभियान की जानकारी दी। इसके बाद कमांडेंट के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। अभियान में सीआईएसएफ का डॉग स्क्वॉड भी शामिल रहा। टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और जांच की।
अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की पहल
एमएमडीआर अधिनियम के प्रावधानों के तहत चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य कोयले की संभावित चोरी, अवैध भंडारण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। नियमित गश्त और संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। सीसीएल प्रबंधन ने कोयला चोरी रोकने के लिए सीआईएसएफ के प्रयासों की सराहना की है।

संयुक्त टीम के कई अधिकारी रहे शामिल
अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट सार्थक, इंस्पेक्टर पीके सिंह, रवि रंजन, आरके सरोज, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह, क्यूआरटी टीम, सीसीएल सुरक्षा कर्मी और आसूचनाकर्मी शामिल रहे। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी और संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
