Bokaro: बोकारो के डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में गुरुवार, 15 अक्टूबर को डांडिया नाइट-2026 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्राचार्या अनुराधा सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नीता बा, सीजीएम (एचआर), बोकारो इस्पात संयंत्र एवं अध्यक्ष, एलएमसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ए.के. सिंह, ए.के. मिश्रा और डीएवी झारखंड जोन-के के क्षेत्रीय अधिकारी एस.के. मिश्रा उपस्थित रहे।


नवदुर्गा पूजन और पारंपरिक नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नवदुर्गा पूजन, राम दरबार, महिषासुर मर्दिनी, रंगारंग नृत्य और पारंपरिक धुंची नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने डांडिया नृत्य में हिस्सा लिया। ओपन डांडिया में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षकों को सम्मान
समारोह में कुमार समरेश और संध्या सिंह को गुरु वशिष्ठ पुरस्कार, जबकि बाल शेखर झा और किरण कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए गार्गी मंजू सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षक मोहित कपूर और मनीषा कुमारी को रोटरी क्लब बोकारो की ओर से भी सम्मानित किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
कक्षा दसवीं और बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। प्राचार्या अनुराधा सिंह ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ संस्कार, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
संस्कृति और शिक्षा के संगम का संदेश
समारोह ने ‘सेल की शक्ति + डीएवी के संस्कार = उज्ज्वल भविष्य’ के संदेश को रेखांकित किया। कार्यक्रम में भारतीय परंपरा, शिक्षा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच यादगार छाप छोड़ी।
