Bokaro: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बोकारो समाहरणालय सभागार में परिचर्चा एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया गया।
संविधान देश की एकता और सामाजिक न्याय का आधार : DC
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और सामूहिक संकल्प का आधार है। संविधान की मूल भावना तभी सार्थक होगी, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ‘देश है तो हम हैं’ का संदेश देते हुए कहा कि राष्ट्रहित में निजी स्वार्थ को पीछे रखना चाहिए।

दबाव और सिफारिश नहीं, संविधान के अनुसार हों फैसले
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवैधानिक नैतिकता और विधि के शासन के अनुरूप काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी दबाव या सिफारिश से प्रभावित हुए बिना सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
26 जनवरी तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि 26 जनवरी 2027 तक जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों और कॉलेजों में संविधान जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके तहत निबंध, वाद-विवाद और परिचर्चा जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
अधिकारियों ने साझा किए संवैधानिक मूल्यों पर विचार
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने भी न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में अपनाने की शपथ ली।
