Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग ने ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत 3 सितंबर 2026 को साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से हुए कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मियों को उभरते साइबर जोखिमों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल कार्यशैली को बढ़ावा देना था।
45 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में सामग्री प्रबंधन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, सतर्कता विभाग के अधिकारी और एमजंक्शन के प्रतिनिधियों समेत कुल 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

सत्यनिष्ठा की दिलाई गई शपथ
मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद सीएंडआईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बीएसएल की साइबर सुरक्षा अवसंरचना और डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

साइबर खतरों से बचाव के बताए तरीके
प्रशिक्षण में सुरक्षित पासवर्ड प्रबंधन, संवेदनशील डेटा की सुरक्षा, संदिग्ध ई-मेल एवं लिंक से सावधानी और साइबर खतरों की पहचान जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को संभावित साइबर जोखिमों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय भी बताए गए।
साइबर स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने पर जोर
सत्र में डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों से साइबर स्वच्छता को दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
सुरक्षित डिजिटल कार्यसंस्कृति पर जोर
सतर्कता विभाग द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बीएसएल में निवारक सतर्कता, सत्यनिष्ठा और सुरक्षित डिजिटल कार्यसंस्कृति को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
