बोकारो: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 के सफल समापन के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पूरी आयोजन टीम की सराहना की। मंगलवार को श्यामली गेस्ट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक में दोनों अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर समन्वय के लिए बधाई दी।
DC ने दिया आत्ममंथन का मंत्र, डायरी में लिखने को कहा एक सुझाव
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता के बाद उसके अनुभवों से सीखना और कमियों को पहचानना जरूरी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने घर जाकर डायरी में एक बात लिखने को कहा कि ऐसा कौन-सा अतिरिक्त काम या पहल हो सकती थी, जिससे महोत्सव को और बेहतर बनाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि आत्ममंथन और अनुभवों से सीखकर ही भविष्य के आयोजनों को बेहतर बनाया जा सकता है।

SP ने सतर्कता और टीम भावना से काम करने पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने भी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगामी आयोजनों में भी इसी तरह आपसी समन्वय, तत्परता और टीम भावना के साथ काम करना होगा। प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतते हुए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी भी कार्य में कोई चूक न हो।
अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों का जताया आभार
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एसी सुनील चन्द्र, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। DC-SP ने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
