बोकारो ट्रैफिक पुलिस ने 1 से 21 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में 2852 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 43.47 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। रिपोर्ट में हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का ब्योरा दिया गया है। हालांकि ऑटो, ट्रैक्टर और अन्य व्यावसायिक वाहनों पर कार्रवाई के आंकड़े नहीं होने से रिपोर्ट को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।
Bokaro: सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया यातायात पुलिस का विशेष अभियान इस बार कुछ ऐसा “आंख खोलने वाला” साबित हुआ। कागजों में जहां सड़क पर हर तरह के वाहन चलते दिखाई देते हैं, वहीं चालानों की सूची में केवल दोपहिया और चारपहिया वाहन ही प्रमुख रूप से नजर आए। मानो शहर की सड़कों पर न तो ऑटो चलते हों, न ट्रैक्टर, और न ही अन्य व्यावसायिक वाहन या अगर चलते भी हैं तो उनसे कभी कोई नियम उल्लंघन होता ही नहीं।

01 जून से 21 जून तक चला विशेष अभियान
जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) अजय प्रसाद के नेतृत्व में 01 जून 2026 से 21 जून 2026 तक विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी की गई।

हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों पर कड़ा एक्शन
अभियान के तहत बिना हेलमेट के 1034, पीछे बिना हेलमेट सवारी के 860 तथा दोपहिया पर तीन सवारी के 758 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के 728, बिना लाइसेंस 27 और बिना बीमा 324 चालान काटे गए। मोबाइल फोन का उपयोग करते वाहन चलाने के 8, काला शीशा लगाने के 7, सीट बेल्ट नहीं पहनने के 30, रॉग पार्किंग के 221 तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के 15 मामलों में भी कार्रवाई दर्ज की गई।
कुल 2852 चालान, 43 लाख से अधिक जुर्माना
इस अभियान में कुल 2852 वाहन चालकों-मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए Rs 43,47,500 का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान आम जनता को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया और अपील की कि सभी लोग नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। हालांकि, चालानों की सूची को देखकर यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या सड़क पर चलने वाले सभी श्रेणियों के वाहन वास्तव में समान रूप से नियमों के दायरे में आते हैं या नहीं।
(By Currentbokaro team)

