Bokaro: जिले में नशीले एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने को लेकर जिला एनसीओआरडी (NCORD) समिति की मासिक बैठक उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और नशा उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने उत्पाद विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त टीम गठित कर नियमित जांच अभियान संचालित करने को कहा, ताकि प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी करेंगे संयुक्त कार्रवाई
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर समन्वित कार्रवाई आवश्यक है।
मेडिकल दुकानों की होगी विशेष जांच
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से मेडिकल दुकानों की जांच करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रतिबंधित कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(Report by CurrentBokaro Team)

