Bokaro News: विद्यार्थियों में भाषा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उनके बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में आयोजित छह दिवसीय साहित्योत्सव 2026 का शनिवार को समापन हो गया। अंतिम दिन देववाणी संस्कृत साहित्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने श्लोकोच्चारण, व्याकरण और संस्कृत के व्यावहारिक ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।

फ्रेंच प्रतियोगिता से हुआ साहित्योत्सव का आगाज
साहित्योत्सव की शुरुआत इंटर-हाउस फ्रेंच लिटरेरी कंपीटिशन से हुई। विद्यार्थियों ने प्रसिद्ध फ्रांसीसी साहित्यकार विक्टर ह्यूगो की कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। छह चरणों में आयोजित बौद्धिक क्विज के दौरान विद्यार्थियों ने फ्रांस के इतिहास और सभ्यता से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रावी सदन प्रथम, सतलज सदन द्वितीय और चेनाब सदन तृतीय रहा।
जर्मन प्रतियोगिता में दिखी भारत-जर्मनी मैत्री की झलक
दूसरे दिन डेर डचेर कार्निवल 4.0 के तहत जर्मन लिटरेरी कंपीटिशन आयोजित हुआ। संगीत, नृत्य और फैशन शो के माध्यम से भारत-जर्मनी मैत्री की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की गई। इसके बाद दोनों देशों के भूगोल, अर्थव्यवस्था और साहित्य पर आधारित पांच चरणों की क्विज हुई। जमुना सदन ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि चेनाब, रावी और झेलम सदन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

स्पेलिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई शब्दों पर पकड़
तीसरे दिन इंटर-हाउस इंग्लिश स्पेलिंग कंपीटिशन में विद्यार्थियों ने कठिन शब्दों से जुड़ी चुनौतियों को आसानी से हल करते हुए अपनी शब्दावली और भाषाई दक्षता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में जमुना सदन प्रथम, सतलज सदन द्वितीय और रावी सदन तृतीय स्थान पर रहा।
इंग्लिश डिबेट में तर्क और वाकपटुता का प्रदर्शन
चौथे दिन आयोजित इंग्लिश डिबेट में पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था को कौशल आधारित शिक्षण से प्रतिस्थापित करने के विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में झेलम सदन की अनुष्का शर्मा ने प्रथम, इसी सदन की खुशी ने द्वितीय और चेनाब सदन की रुचि ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
क्रिप्टो करेंसी पर हिंदी वाद-विवाद में हुआ जोरदार मंथन
पांचवें दिन अंतर-सदन हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में “क्रिप्टो करेंसी का बढ़ता चलन : भविष्य की मुद्रा या धोखा?” विषय पर विद्यार्थियों ने अपने तर्क प्रस्तुत किए। पक्ष में प्रतिभागियों ने क्रिप्टो करेंसी को तकनीक आधारित वित्तीय बदलाव का हिस्सा बताया, जबकि विपक्ष ने इसे अनियंत्रित और अस्थिर डिजिटल मुद्रा बताते हुए सवाल उठाए।
शिप्रा हेंब्रम ने हासिल किया पहला स्थान
प्रभावशाली अभिव्यक्ति और तथ्यपरक तर्कों के दम पर चेनाब सदन की शिप्रा हेंब्रम ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जमुना सदन की अनुष्का आर्या दूसरे और गंगा सदन की शांभवी झा तीसरे स्थान पर रहीं।
संस्कृत प्रतियोगिता में गूंजी देववाणी
साहित्योत्सव के अंतिम दिन शनिवार को देववाणी संस्कृत साहित्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय के सस्वर पाठ से हुई। इसके बाद संस्कृत व्याकरण, वैदिक मंत्रों और अन्य विषयों पर आधारित कूट प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसमें जमुना और चेनाब सदन संयुक्त रूप से प्रथम रहे, जबकि गंगा सदन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
भाषा और साहित्य व्यक्तित्व को देते हैं संपूर्णता : डॉ. गंगवार
साहित्योत्सव के सफल आयोजन और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि भाषा और साहित्य व्यक्ति के व्यक्तित्व को संपूर्णता प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें बहुभाषी और जिम्मेदार ग्लोबल सिटीजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्लोबल सिटीजन बनने के लिए भाषाओं पर पकड़ जरूरी
डॉ. गंगवार ने कहा कि भाषा और साहित्य पर मजबूत पकड़ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और एकाग्रता को बढ़ाती है। जीवन में सफलता के लिए अच्छे अंकों के साथ संवाद-कौशल, तार्किक दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों और सद्चरित्र का होना भी जरूरी है। साहित्योत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को इन सभी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिला।
