Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव ‘नक्षत्र’ धूमधाम से मनाया गया। समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले कक्षा छह से 11वीं तक के 429 विद्यार्थियों को बैज और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। लगातार तीन वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ब्लू बैज, ब्लू ब्लेजर और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
निरंतर परिश्रम से मिलेगी सफलता
मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीर्घकालिक सफलता के लिए शॉर्टकट नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत जरूरी है। बच्चे बड़े सपने देखें और अपनी प्रतिभा से समाज व राष्ट्र को रोशन करें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के साथ समय बिताने और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देने की अपील की।

जिज्ञासा और असफलताओं से सीखने का संदेश
सम्मानित अतिथि बीआईटी मेसरा के प्रोफेसर डॉ. सुदीप दास ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, असफलताओं से सीखने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व के लिए आशा की किरण है और युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने विद्यार्थियों को समर्पण, धैर्य और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। समारोह में विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। भरतनाट्यम और श्रीलंका के काड्यन नृत्य के समन्वय से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। इस दौरान विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘डिप्स रिफ्लेक्शन’ के सत्र 2025-26 के अंक का विमोचन किया गया। वहीं, दीपांश शिक्षा केंद्र के बच्चों के बीच स्वेटर भी वितरित किए गए।
