Bokaro: बोकारो के सेक्टर चार एफ स्थित एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल में रूबी जुबली के अवसर पर वार्षिकोत्सव ‘वर्णिका’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नॉर्थ छोटानागपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा और विशिष्ट अतिथि एमजीएम ग्रुप के अध्यक्ष एचजी इलोसियोस मार ईओसिबियोस ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेहनत और लगन से हासिल करें सफलता
पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन का महत्व बताया। वहीं, एमजीएम ग्रुप के अध्यक्ष ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। विद्यार्थी मेहनत के बल पर अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।

120 मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
विद्यालय के प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की 40 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा प्रस्तुत की। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुदेशना बोस स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

विशेष डाक लिफाफा और पत्रिका का विमोचन
विद्यालय की रूबी जुबली को यादगार बनाने के लिए विशेष डाक लिफाफा जारी किया गया। साथ ही विद्यालय की पत्रिका ‘ग्रेगोरियन-ज्ञान को प्रज्ज्वलित करता, जीवन को प्रेरित करता’ का विमोचन हुआ। 25 वर्षों से अधिक समय से सेवा दे रहे शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, आर्केस्ट्रा और नाट्य मंचन से दर्शकों का मन मोह लिया। उप प्राचार्य राखी बनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर एमजीएम ग्रुप के शिक्षा अधिकारी फादर रेजी सी. वर्गीस, पूर्व प्राचार्य फादर जैकब थामस, प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक और विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।
