Bokaro DC issued strict directives on power and water supply, while Chas Mayor and councillors raised concerns over outages, seeking immediate action to ensure relief and uninterrupted services for residents.
Bokaro: बोकारो में डीसी अजय नाथ झा ने बिजली और जलापूर्ति व्यवस्था पर सख्त निर्देश जारी किए, जबकि चास नगर निगम की मेयर और उपमहापौर ने भी कटौती के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से जल्द सुधार की उम्मीद है।

प्रशासनिक समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले की बिजली एवं जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बिजली आपूर्ति, सब-स्टेशन निर्माण, चोरी रोकथाम और पेयजल योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता
डीसी ने फुदनीडीह सब-स्टेशन की समस्या पर डीवीसी को तुरंत पावर लोड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्पादन क्षेत्र होने के कारण यहां बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। तीन घंटे से अधिक कटौती होने पर पीआरडी के माध्यम से सूचना देने के निर्देश दिए गए। साथ ही शाम के समय शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया।

चास मेयर-उपमहापौर की पहल
इधर, चास नगर निगम की मेयर, उपमहापौर व पार्षदों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मिलकर लगातार कटौती का मुद्दा उठाया। जनप्रतिनिधियों ने साफ कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। अधिकारियों ने शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया।
चास में उर्जा मेला का आयोजन
चास डिवीजन में सोमवार को आयोजित उर्जा मेला में उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रभावी पहल देखने को मिली। मेला के दौरान कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 25 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। मेला में, खराब मीटर से संबंधित सभी 06 शिकायतों का समाधान किया गया। वहीं, बिलिंग समस्या के 04 और फाइनल बिल के 02 मामलों का भी शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया गया। मोबाइल नंबर अपडेट से जुड़े सभी 08 मामलों को भी मौके पर ही निपटा दिया गया। वहीं, बिल विवाद से जुड़े प्राप्त 15 शिकायतों में से 05 का समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।

