Bokaro: बोकारो टाउनशिप में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। BSL के विद्युत विभाग ने सूचना जारी कर बताया है कि लोड शेडिंग के कारण सभी सेक्टरों में बिजली की आपूर्ति रोटेशन के आधार पर की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, तकनीकी खराबी के चलते Bokaro Power Supply Company Private Limited (BPSCL) का बिजली उत्पादन 220 मेगावाट से घटकर करीब 180 मेगावाट हो गया है। इससे उपलब्ध बिजली में कमी आई है।

वहीं, DVC की बिजली दरों में बढ़ोतरी के कारण बोकारो स्टील प्लांट (BSL) द्वारा DVC से बिजली लेने में भी कटौती की जा रही है। इन दोनों परिस्थितियों के चलते टाउनशिप में बिजली की उपलब्धता प्रभावित हुई है और विभिन्न सेक्टरों में रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की जा रही है।
BSL के विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए बिजली कटौती से होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है। टीम इलेक्ट्रिकल ने कहा है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को उपलब्ध संसाधनों के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

