Bokaro: चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुपुनकी गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने रैली निकालकर बोकारो एसपी कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने समझा-बुझाकर और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।

दहेज हत्या का आरोप, 14 माह पहले हुई थी शादी
घटना 3 अप्रैल की रात की है, जब रानी बीबी नामक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी करीब 14 महीने पहले पुपुनकी गांव में हुई थी। मृतका के माता-पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए दामाद अख्तर राजा, ससुर समेत अन्य परिजनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
तीन लाख की मांग का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शादी के समय 2 लाख नकद दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बाद से लगातार 3 लाख की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर रानी को प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि सभी आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन केवल पति को ही जेल भेजा गया, अन्य को छोड़ दिया गया।

पुलिस जांच जारी, पति गिरफ्तार
मृतका के पिता, जो जैनामोड़ के निवासी हैं, ने बताया कि घटना के दिन उन्हें “सीढ़ी से गिरने” की सूचना दी गई थी, जबकि उन्हें साजिश की आशंका है। इधर, थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ससुराल पक्ष इसे हादसा बता रहा है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

