Bokaro: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार को डीपीएस बोकारो में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हुए विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
विद्यालय की सीनियर व प्राइमरी इकाइयों के विद्यार्थियों ने कक्षाओं, परिसर, खेल मैदान, पुस्तकालय और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। प्राइमरी विंग के बच्चों ने ग्लव्स, मास्क और एप्रोन पहनकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
गांधी और शास्त्री के विचारों को किया याद
विशेष प्रार्थना सभा में कक्षा चार की छात्रा वंशिका श्रेष्ठ ने महात्मा गांधी का रूप धारण कर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया। कक्षा पांच के छात्र हिरेश हितांश ने लाल बहादुर शास्त्री की भूमिका निभाते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा प्रस्तुत किया। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने ‘बापू के तीन बंदर’ पर कविता तथा बापू के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।

पौधरोपण और स्वच्छता की शपथ
विद्यालय परिवार ने सफाई कर्मियों एवं चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार जताते हुए उन्हें फल वितरित किए। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने फलदार व छायादार पौधे लगाए तथा सामूहिक स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने पर जोर
प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने कहा कि स्वच्छ शरीर में ही स्वच्छ, स्वस्थ और सकारात्मक मन का वास होता है। स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की आदत और जनआंदोलन बनाना जरूरी है।
