Bokaro Steel Plant will organise its Summer Sports Training Camp from May 15 to June 2 at Mohan Kumar Mangalam Stadium. Children aged 8 to 15 will receive training in 12 sports disciplines under qualified coaches.
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के खेल एवं नागरिक सुविधाएं विभाग की ओर से ग्रीष्मकालीन क्रीड़ा प्रशिक्षण शिविर–2026 का आयोजन 15 मई से 2 जून तक किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन 15 मई को अपराह्न 3:30 बजे सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में होगा। शिविर का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना विकसित करना और जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

12 खेलों का दिया जाएगा प्रशिक्षण
इस ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, शतरंज, हॉकी और हैंडबॉल समेत कुल 12 खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में अलग-अलग खेलों के लिए अनुभवी प्रशिक्षकों और उनके सहयोगियों की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे।
क्रिकेट के लिए अलग आयु सीमा
क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लड़के हिस्सा ले सकेंगे। वहीं अन्य सभी खेलों में 8 से 15 वर्ष तक के लड़के एवं लड़कियां भाग ले सकेंगे। बीएसएल प्रबंधन की ओर से बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।

14 मई तक होगा पंजीकरण
इच्छुक प्रतिभागी 14 मई तक सेक्टर-4 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण का समय सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा शाम 3:30 बजे से 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। क्रिकेट के लिए प्रति प्रतिभागी ₹250 और अन्य खेलों के लिए ₹150 शुल्क तय किया गया है। बीएसएल प्रबंधन ने अधिक से अधिक बच्चों से इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

