BSL में मेगा वेंडर मीट, सफाई, सुरक्षा और हरियाली के लिए तैयार हुआ ब्लूप्रिंट
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के कॉन्ट्रैक्ट सेल (नॉन-वर्क्स) विभाग की ओर से शुक्रवार को नगर प्रशासन विभाग से जुड़े 15 प्रमुख कार्यों को लेकर वेंडर मीट आयोजित की गई। इस बैठक में कुल 45 वेंडरों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित वेंडरों को आगामी निविदाओं, तकनीकी आवश्यकताओं और गुणवत्ता मानकों की जानकारी देना था।

वृक्षारोपण से लेकर सीसीटीवी तक पर चर्चा
बैठक में दो लाख से अधिक पौधों के वृक्षारोपण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ओवरहेड टैंक की सफाई, सीसीटीवी कैमरा एवं मॉनिटरिंग सिस्टम, ट्रांसफॉर्मर मरम्मत, सीवरेज लाइन की मैकेनाइज्ड सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए फॉगिंग जैसे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा जलाशयों की डी-सिल्टिंग, चिड़ियाघर प्रबंधन, मत्स्य पालन और ट्रांजिट पार्किंग संचालन जैसे विषय भी शामिल रहे।
टेंडर प्रक्रिया की दी गई जानकारी
कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बीएसएल में टेंडर जमा करने की प्रक्रिया पर प्रस्तुति देते हुए निविदा दस्तावेज सही तरीके से भरने, पात्रता शर्तों को समझने और सामान्य त्रुटियों से बचने के उपाय बताए। इससे वेंडरों को निविदा प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली।

गुणवत्ता और पर्यावरणीय स्थिरता पर जोर
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इन परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन टाउनशिप निवासियों के कल्याण और पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़ा है। तकनीकी विशेषज्ञों ने भी पात्रता मानदंड और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने आयोजन को उपयोगी बताते हुए विभागों के साथ सीधे संवाद के अवसर की सराहना की।

