Bokaro: चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थी राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी के गुण सीख रहे हैं। विद्यालय की एनसीसी यूनिट-1 नेवल यूनिट के तहत गुरुवार, 26 नवंबर को मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को भारतीय नौसेना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
नौसेना के अधिकारियों ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नौसेना के पेटी ऑफिसर एसके गुप्ता और पेटी ऑफिसर संतोष कुमार वर्मा ने कैडेट्स को नौसेना की कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रैक्टिकल और थ्योरी के माध्यम से ग्राउंड प्रैक्टिस, ट्रूप कमांड और नौसेना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल पूछकर जानकारी हासिल की।

91 विद्यार्थी ले रहे हैं एनसीसी प्रशिक्षण
विद्यालय की नेवल एनसीसी यूनिट में छात्र और छात्राओं को मिलाकर कुल 91 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार और एनसीसी कोऑर्डिनेटर प्रांजल साकिया भी मौजूद रहे।
अनुशासन और जिम्मेदारी सिखाता है एनसीसी
प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने दोनों पेटी अधिकारियों का आभार जताते हुए एनसीसी कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में चिन्मय विद्यालय के विद्यार्थी एनसीसी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
