Bokaro: चास थाना क्षेत्र में अलग-अलग तारीखों में घर की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के सात मोबाइल फोन, सोने जैसे धातु के सात कंगन समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन घटनाओं को लेकर चास थाना में क्रमशः कांड संख्या 94/2026, 102/2026 और 103/2026 दर्ज किया गया था।
एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए बोकारो एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सदर चास वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया।
छह आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा (22), राहुल कुमार बाउरी (19), रवि कुमार पाण्डेय (24), प्रिंस कुमार उर्फ कृष (19), अमन राज उर्फ मनीष कुमार (32) और कृष्णा कुमार पॉल (25) के रूप में हुई है। सभी चास थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना में 2021 में चोरी और सेंधमारी से संबंधित दो मामले दर्ज हैं।
सात मोबाइल और आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से सात सोने जैसे कंगन, करीब 3.50 ग्राम पिघला हुआ सोने जैसा धातु, एक लोहे का चापड़, एक छोटी वजन मशीन, सात मोबाइल फोन और पांच रुपये के 12 नोट यानी कुल 60 रुपये बरामद किए हैं।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल
छापेमारी दल में एएसपी सदर चास वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, अजीत कुमार, मुकेश दयाल सिंह और रवि शंकर के अलावा चास थाना रिजर्व गार्ड एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।


