Bokaro: नवरात्र के उत्सवी माहौल में गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस (GGSESTC), कांड्रा, चास में 13 अक्टूबर 2026 को भव्य गरबा ग्लो एवं डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 550 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने परिसर को उत्सवमय बना दिया।


पारंपरिक नृत्य और चौपाटी स्टॉल बने आकर्षण
कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की विविधता के साथ गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने परिसर में लगाए गए चौपाटी स्टॉलों पर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
जीजीएस प्रबंधन के पदाधिकारी और विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जीजीएस मैनेजमेंट के अध्यक्ष तरसेम सिंह, सचिव सुरेंद्र पाल सिंह, प्रबंधन समिति के सदस्य गुरदीप सिंह एवं हरदीप सिंह उपस्थित रहे। सांस्कृतिक सेलिब्रिटी श्वेता रंजन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरूहार भी पारंपरिक परिधान में कार्यक्रम में शामिल हुए।

सांस्कृतिक आयोजन से बढ़ता है आपसी सौहार्द
डॉ. प्रियदर्शी जरूहार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और दूसरी संस्कृतियों का सम्मान करने की प्रेरणा मिलती है।
छात्राओं ने किया मंच संचालन, वापसी के लिए बसों की व्यवस्था
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की विधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी एडवोकेट पल्लवी प्रसाद ने किया। वहीं, बीबीए की छात्राएं साहिबा अकरम और रिया ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों की सुरक्षित और सुविधाजनक वापसी के लिए कॉलेज प्रबंधन ने बसों की व्यवस्था की। आयोजन ने नवरात्र के उल्लास के साथ सांस्कृतिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
