Bokaro: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने गुरुजी रात्रि पाठशाला की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की पहल शुरू कर दी है। सोमवार शाम उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने चास स्थित जोधाडीह के राम रूद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में संचालित गुरुजी रात्रि पाठशाला का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।

विद्यार्थियों से जानी समस्याएं, सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत कर अध्ययन व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और जरूरी सुविधाओं से डीसी को अवगत कराया। विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने और सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डिजिटल संसाधनों के लिए मजबूत होगी वाई-फाई सुविधा
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि गुरुजी रात्रि पाठशाला में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पाठशाला में वाई-फाई सुविधा को शीघ्र सुदृढ़ करने और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर इंटरनेट सुविधा मिलने से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।
स्वच्छ पेयजल और कैंटीन सुविधा जल्द होगी शुरू
निरीक्षण के दौरान डीसी ने विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए वर्तमान वाटर प्यूरीफायर की जगह अधिक क्षमता वाला वाटर प्यूरीफायर लगाने का निर्देश दिया। इससे पाठशाला में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इसके अलावा उन्होंने गुरुजी रात्रि पाठशाला परिसर में कैंटीन सुविधा जल्द शुरू करने का भी निर्देश दिया, ताकि देर तक पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भोजन और अल्पाहार की सुविधा मिल सके।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में देर रात तक चलेगी पाठशाला
डीसी ने बताया कि आदरणीय दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार से गुरुजी रात्रि पाठशाला का संचालन देर रात तक किया जाएगा। इसे लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी उन्होंने समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रात्रि पाठशाला के समय में विस्तार होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को निर्बाध अध्ययन का अवसर मिलेगा और उन्हें एक बेहतर शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

