Bokaro: बोकारो में यूएएएम के तहत कार्यरत चिकित्सकों और पारा मेडिकल कर्मियों के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें 15वें वित्त आयोग के तहत चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लंबित मानदेय मामले की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मानदेय, ईपीएफ और ईएसआई के दस्तावेज मांगे
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित मानव बल एजेंसी को कर्मियों के मानदेय, ईपीएफ एवं ईएसआई भुगतान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दस्तावेज प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रक्रिया के तहत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
दस्तावेज मिलते ही क्रमवार भुगतान का निर्देश
उपायुक्त ने एएमसी एवं ईई को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बाद क्रमवार राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही एजेंसी को किए गए भुगतान का प्रमाण पत्र क्रमवार सिविल सर्जन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि भुगतान प्रक्रिया की निगरानी और सत्यापन व्यवस्थित तरीके से हो सके।

लोक संवाद में कर्मियों ने रखी थी अपनी समस्या
ज्ञात हो कि यूएएएम में कार्यरत चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल कर्मियों ने मंगलवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं… (लोक संवाद)’ कार्यक्रम में उपायुक्त के समक्ष आवेदन देकर लंबित मानदेय भुगतान की मांग रखी थी। उपायुक्त ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस श्री अरविंद राधाकृष्णन, एएमसी चास श्री संजीव कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी फुसरो श्री राजीव रंजन, जिला कोषागार पदाधिकारी श्री गुलाब चंद उरांव, वरीय लेखा पदाधिकारी श्री पंकज दुबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
