Bokaro: चंद्रपुरा में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला का एक प्रतिनिधिमंडल महासचिव भइया प्रीतम के नेतृत्व में बोकारो एसपी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।


‘आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो’ : भइया प्रीतम
महासचिव भइया प्रीतम ने कहा, “नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की हत्या बेहद गंभीर और दुखद घटना है। इस घटना से पूरा चित्रांश समाज मर्माहत है। पुलिस मामले की गहराई से जांच करते हुए हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।”
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष रतनलाल, सहकोषाध्यक्ष राज श्रीवास्तव, विपिन सिन्हा, ओंकार सिन्हा, मनीष सिन्हा और अजय कर्ण समेत अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से घटना की जांच में तेजी लाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

एसपी ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद एसपी ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। मामले में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
दरवाजा खुलते ही बरसीं गोलियां, दंपति की मौत
घटना चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी आवासीय कॉलोनी के पश्चिमी पल्ली में गुरुवार रात करीब 7.30 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने नरेश सिन्हा के आवास का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने के बाद उन्होंने नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणु सिन्हा पर गोलियां चला दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनका बेटा रोहित सिन्हा भी गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस घटना के कारण और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
