Bokaro: बोकारो जिले के धोरी क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर सीआईएसएफ की टीम ने सूचना के आधार पर अंगवाली बंद खदान में चल रही अवैध खनन गतिविधि का पता लगाया।
सीआईएसएफ, सीसीएल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मामले की जानकारी धोरी क्षेत्र के जीएम राजीव कुमार सिंह को दी गई। इसके बाद सीआईएसएफ, सीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और पेटरवार थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध खनन स्थल को बंद कराया।

अधिकारियों और जवानों ने संभाला मोर्चा
कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ के उप कमांडेंट अभिलाष गारा, सहायक कमांडेंट वर्षे सार्थक बाबाजी, निरीक्षक रवि रंजन, पेटरवार थाना प्रभारी मुंडा सहित सीआईएसएफ और पुलिस के जवान मौजूद रहे।

कारो एक्सकेवेशन के पीछे जंगल में भी छापेमारी
इसी अभियान के तहत बीएंडके एरिया के कारो एक्सकेवेशन के पीछे जंगल में भी सीआईएसएफ ने छापेमारी की। यहां अवैध रूप से जमा किया गया करीब 3.30 टन कोयला बरामद किया गया।
जब्त कोयला सीसीएल प्रबंधन को सौंपा
बरामद कोयले को नियमानुसार सीसीएल प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया। सीआईएसएफ के अनुसार अवैध खनन और कोयला चोरी से पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधनों, स्थानीय सुरक्षा और सीसीएल के राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई रहेगी जारी
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि माइनिंग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। सीसीएल प्रबंधन, प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
