Bokaro: सरकारी कार्यालयों में पद और जिम्मेदारियों के बीच मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल कम ही देखने को मिलती है। शुक्रवार को बोकारो के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने अपने आत्मीय व्यवहार से एक ऐसी ही मिसाल पेश की। उन्होंने तीन दशक से अधिक समय तक सेवा देने वाले आदेशपाल गोपाल नापित को गले लगाकर सम्मान दिया और अपने साथ बैठाकर चाय पिलाई।
27 नवंबर को रहा न्यायालय में अंतिम कार्य दिवस
30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे गोपाल नापित के लिए 27 नवंबर उपायुक्त न्यायालय में अंतिम कार्य दिवस था। इस मौके पर उपायुक्त ने उन्हें अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया और बगल की कुर्सी पर बैठाकर आत्मीय बातचीत की। इस दौरान उनके सेवाकाल, परिवार और व्यक्तिगत जीवन का हालचाल भी जाना।

तीन दशक से अधिक समय तक दी सेवा
गोपाल नापित वर्ष 2005 में नियमित होने से पहले लगभग 15 से 20 वर्षों तक दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत रहे। नियमित सेवा के बाद भी उन्होंने करीब 20 वर्षों तक उपायुक्त न्यायालय में आदेशपाल की जिम्मेदारी निभाई।
सेवानिवृत्ति पर होगा विदाई समारोह
उपायुक्त अजय नाथ झा ने 30 नवंबर को उनके सेवानिवृत्त होने के अवसर पर विदाई समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को सम्मान दिया जा सके।
सम्मान के लिए पद नहीं, समर्पण मायने रखता है
उपायुक्त की इस पहल ने संदेश दिया कि किसी भी संस्थान में कोई कर्मचारी छोटा या बड़ा नहीं होता। हर व्यक्ति की मेहनत, निष्ठा और समर्पण सम्मान के योग्य है। एक आत्मीय आलिंगन और साथ बैठकर चाय पीने का यह पल गोपाल नापित के लिए यादगार बन गया।
