Bokaro: जिले में सियारों के हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पेटरवार, कसमार और जरीडीह प्रखंड के जंगल से सटे गांवों के बाद अब नावाडीह प्रखंड के ताराटांड़ गांव में भी सियार के हमले की घटना सामने आई है। मंगलवार को एक सियार ने गांव में पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। सभी को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नावाडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें से दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
अचानक आक्रामक हुआ सियार, पांच लोगों को बनाया निशाना
ग्रामीणों के अनुसार, सियार अचानक आक्रामक हो गया और गांव में लोगों पर हमला करने लगा। इस दौरान मेघलाल महतो (74), बसंती देवी (55), वृदा महतो (54), बालेश्वर महतो (31) और अशोक महतो (45) घायल हो गए। हमले के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीन घायलों को अस्पताल से मिली छुट्टी
बोकारो वन प्रमंडल के अधिकारी सुंदीप शिंदे ने बताया, “पांच घायलों में से तीन को आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो का इलाज जारी है। इलाके में वनरक्षियों को सतर्क कर दिया गया है और उन्हें निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।”

मांदर की आवाज से सियार के आक्रामक होने की आशंका
इधर, ग्रामीणों का अनुमान है कि त्योहारी मौसम में गांवों में बज रहे मांदर की तेज आवाज के कारण सियार आक्रामक हुआ होगा। हालांकि, वन विभाग की ओर से सियार के हमले के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की गई है।
चार महीने में चार मौतें, 20 लोग घायल
बोकारो जिले में पिछले चार महीनों से सियारों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पेटरवार, कसमार और जरीडीह प्रखंड के जंगल से सटे गांव इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। बोकारो वन प्रमंडल के अनुसार, इस अवधि में सियारों के हमलों में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। अब नावाडीह में हुई घटना ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है। लगातार हो रहे हमलों के मद्देनजर वन विभाग ने गश्त तेज कर दी है और त्वरित कार्रवाई दल को भी सतर्क किया है। ग्रामीणों में अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर सियारों के हमले कब रुकेंगे और उन्हें इस खतरे से कब राहत मिलेगी।
