महाराष्ट्र के पुणे में 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। इस प्रतियोगिता में बोकारो के खिलाड़ी साहिल और कृष्णा, टीम मैनेजर ईशा तथा कोच किंकर कृष्णा राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
पहली बार पूल चैंपियन बनी झारखंड की बालिका टीम
झारखंड की बालिका टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार अपने पूल में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की। झारखंड ने ओडिशा को 64-34, असम को 73-13 और पश्चिम बंगाल को 58-44 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

बालक वर्ग में भी दमदार प्रदर्शन
बालक वर्ग में झारखंड की टीम ने अंडमान एवं निकोबार को 91-15 से करारी शिकस्त दी। इसके अलावा मणिपुर के खिलाफ भी जीत दर्ज की। दो मुकाबलों में जीत के साथ टीम अपने पूल में दूसरे स्थान पर रही।
बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन ने दी बधाई
टीम की सफलता पर बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह ने खिलाड़ियों, मैनेजर और कोच को बधाई दी। उन्होंने टीम के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन के सचिव कन्हैया प्रसाद ने भी दोनों टीमों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।
राष्ट्रीय मंच पर बढ़ा बोकारो का गौरव
बोकारो के खिलाड़ियों, मैनेजर और कोच की भागीदारी से जिले का गौरव बढ़ा है। बालिका टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि ने झारखंड बास्केटबॉल को नई पहचान दिलाई है।
