Bokaro: झारखण्ड पात्रता परीक्षा-2024 के दौरान बोकारो से सामने आई प्रश्नपत्रों की कमी
को लेकर बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में हंगामा हो गया। नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र पर विरोध प्रदर्शन कियाI झारखण्ड लोक सेवा आयोग ने शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से हजारों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है।

See Video
आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान बोकारो के 6004 कोड वाले Sardar Patel Public School में शिक्षा विषय (कोड-009) के प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा कुछ प्रश्नपत्र पढ़ने योग्य नहीं पाए गए।

परीक्षा के दौरान अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों ने सरदार पटेल पब्लिक स्कूल केंद्र पर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि प्रश्नपत्र समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे उनका कीमती समय बर्बाद हुआ। कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केंद्र परिसर में नारेबाजी भी की। स्थिति को संभालने के लिए स्थानीय प्रशासन और केंद्र प्रबंधन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
यही नहीं, रांची के 1075 कोड वाले A.S.T.V.S District CM School of Excellence में उड़िया विषय (कोड-023) की परीक्षा में भी इसी तरह की गड़बड़ी दर्ज की गई।
इन गंभीर खामियों को देखते हुए आयोग ने शिक्षा-009 और उड़िया-023 विषयों की परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी। आयोग ने कहा है कि दोनों विषयों की पुनर्परीक्षा की तिथि और प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
बोकारो से उठी इस गड़बड़ी ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभ्यर्थियों की नजर अब आयोग की अगली घोषणा पर टिकी है।

