Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) परिसर स्थित Bokaro Power Supply Company Limited (BPSCL) के पावर प्लांट में बुधवार को अचानक ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि बीएसएल प्लांट के अंदर बीपीएससीएल ऑफिस के पास लगे 10 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर में आग लगी, जिसकी लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं और काले धुएं का गुबार दूर से ही नजर आने लगा। घटना के बाद कुछ देर के लिए प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल की मशक्कत से पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस हादसे में बीपीएससीएल को 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। इंडस्ट्रियल ट्रांफॉर्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

बिजली आपूर्ति हुई प्रभावित
ट्रांसफार्मर में आग लगने से पावर प्लांट के उस हिस्से की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हो गई। बाद में लोड को दूसरे ट्रांसफार्मर पर शिफ्ट कर स्थिति को सामान्य किया गया।
कारणों का नहीं चला पता
घटना की जानकारी मिलते ही बीपीएससीएल के सीईओ सुधीर व्यास मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ होगा।
सीईओ BPSCL ने नहीं दिया बयान
इस संबंध में CEO बीपीएससीएल सुधीर व्यास से आधिकारिक बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। जैसे ही कंपनी की ओर से बयान जारी होगा, उसे अपडेट किया जाएगा।

