Bokaro : चन्दनकियारी के विधायक उमाकान्त रजक ने मंगलवार को वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड (Vedanta ESL) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा को 13 सूत्री मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कंपनी प्रबंधन पर मनमानी और स्थानीय लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया।

स्थानीयों की उपेक्षा से बढ़ा आक्रोश
विधायक ने कहा कि प्लांट स्थापना के समय स्थानीय रैयतों ने अपनी पुश्तैनी जमीन इस उम्मीद में दी थी कि उन्हें रोजगार और विकास का लाभ मिलेगा। लेकिन उत्पादन शुरू होने के बाद से न तो रोजगार मिला और न ही क्षेत्र में अपेक्षित विकास हुआ, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मजदूरों के मुद्दों पर उठाए सवाल
ज्ञापन में मजदूरों के साथ भेदभाव, ठेका प्रथा, वेतन विसंगतियां और स्थानीय युवाओं की उपेक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है। विधायक ने इन समस्याओं के समाधान में हो रही देरी पर भी चिंता जताई।

13 सूत्री मांगों में क्या शामिल
ज्ञापन में ग्रीवांस सेल के मामलों का 15 दिनों में निष्पादन, ठेका मजदूरों की पुनर्बहाली, समान काम के लिए समान वेतन, स्थानीय वेंडरों को प्राथमिकता, वेतन संशोधन, आकस्मिक मृत्यु पर 25 लाख मुआवजा और आश्रित को नौकरी, 100% स्थानीय नियोजन और समयबद्ध प्रोन्नति जैसी प्रमुख मांगें रखी गई हैं। साथ ही सीएसआर के तहत डिग्री कॉलेज, तकनीकी संस्थान, अस्पताल, स्टेडियम, पार्क, महिला प्रशिक्षण केंद्र और किसानों के लिए आधुनिक कृषि सुविधाओं की भी मांग की गई है।
प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर ही पुलिस अधीक्षक, एसडीओ चास और डीडीएमओ को मामले की सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

