Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) ने सेक्टर-09 में ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ की शुरुआत कर वंचित वर्गों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार को आयोजित समारोह में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल के लिए फरवरी में सेल-बीएसएल और पिरामल स्वास्थ्य प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। See Video–

यह ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ विशेष रूप से गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के लोगों के लिए शुरू किया गया है, जहां उन्हें निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। केंद्र में ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की नियमित जांच, साप्ताहिक एक्स-रे और ईसीजी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही जरूरी दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी।
बीएसएल की यह पहल न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों पर इलाज का बोझ कम करेगी, बल्कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। डायरेक्टर इंचार्ज प्रिया रंजन ने कहा कि यह केंद्र गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में बोकारो इस्पात संयंत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल है. यह न केवल वंचित वर्ग के लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करेगा, बल्कि एक स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के प्रति बीएसएल की अटूट प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करेगा.


